Monday, 9 June 2014

हाफिज सईद ने उगला जहर, कराची आतंकी हमले में बताया नरेंद्र मोदी का हाथ

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सबसे बडे हवाई अड्डे पर आंतकवादियों के हमले में 23 लोग मारे गए। मृतकों में सभी दस हमलावर भी शामिल हैं।
 
कराची के जिन्ना अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह हमला आधी रात में हुआ। टेलीविजन चैनलों के प्रसारण के अनुसार, यह हमला कई घंटों तक चला। सेना ने कहा कि हवाई अड्डा पूरी तरह से सुरक्षित है। सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल असीम बाजवा ने बताया कि हमलावर दो स्थानों पर छुपे थे।
 
तहरीक-ए-तालिबान ने ली जिम्मेदारी
 
आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पाकिस्तान की नवाज शरीफ सरकार वर्षो से जारी हिंसा को खत्म करने के प्रयास के तहत तालिबान आतंकवादियों से बातचीत की कोशिश कर रही है। पिछले महीनों में ही शान्ति वार्ता के यह प्रयास विफल हो गए, जिससे विद्रोही तालिबान आतंकवादियों से किसी तरह के समझौते होने के आसार लगभग समाप्त हो गए थे।
 
जमात उद दावा मुखिया हाफिज सईद ने बताया मोदी को जिम्मेदार
 
वहीं दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित किए गए जमात उद दावा के मुखिया हाफिज मोहम्मद सईद ने हमले के पीछे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया है। हाफिज सईद ने अपने ट्विटर हैंडलर @HafizSaeedJUD पर घटना पर दुख व्यक्त किया है। 
 
हाफिज ने पाकिस्तानी सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि उन्हें भारतीय सरकार से बातचीत और तोहफों का आदान-प्रदान बंद करना चाहिए। उसने लिखा, "कराची एयरपोर्ट पर हमला हुआ है। नरेंद्र मोदी की नई सिक्युरिटी टीम इसके पीछे है। देश जानता है कि हमारा सबसे बड़ा दुश्मन कौन है।"
 
हाफिज ने कराची हमले को मोदी की साजिश बताया और इसमें भारत की हिंदुत्व वादी सरकार का सीधा हस्तक्षेप बताया। 
 
एयरपोर्ट को करवाया गया खाली 
 
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता बताया कि पूरे हवाई अड्डे को खाली करा लिया गया है। सभी हमलावर सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने आज तड़के एक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें तीन आत्मघाती जैकेट्स, दो राकेट लॉन्चर और 12 पेट्रोल बम बरामद किए गए।

0 comments:

Post a Comment